Counter Stats

Saturday, February 16, 2008

 

जां निसार अख्तर के चुनिंदा अशआर

अश्आर मिरे यूँ तो ज़माने के लिए हैं
कुछ शे’र फ़क़त उनको सुनाने के लिए हैं

ये इल्म का सौदा, ये रिसाले, ये किताबें
इक शख़्स की यादों को भुलाने के लिए हैं
----- ----- ------
ज़िन्दगी ये तो नहीं, तुझको सँवारा ही न हो
कुछ न कुछ हमने तिरा क़र्ज़ उतारा ही न हो

कू-ए-क़ातिल1 की बड़ी धूम है चलकर देखें
क्या ख़बर, कूचा-ए-दिलदार से प्यारा ही न हो

शर्म आती है कि उस शहर में हम हैं कि जहाँ
न मिले भीक तो लाखों का गुज़ारा ही न हो
----- ----- ------
इसी सबब से हैं शायद, अज़ाब1 जितने हैं
झटक के फेंक दो पलकों पे ख़्वाब जितने हैं

वतन से इश्क़, ग़रीबी से बैर, अम्न से प्यार
सभी ने ओढ़ रखे हैं नक़ाब जितने हैं

समझ सके तो समझ ज़िन्दगी की उलझन को
सवाल उतने नहीं है, जवाब जितने हैं /

Labels:


This page is powered by Blogger. Isn't yours?

Subscribe to Posts [Atom]

Adeeb

रूहेलखंड और बरेली के मशहूर शायरों और कवियों के चुनिंदा कलाम यहाँ पढें

नूरी किरण जूनियर बरेली

फोर्थ डायमेंशन
बरेली टीन वर्ल्ड

अदीब